देश स्तरीय मुरारीलाल माहेश्वरी स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता के पहले सत्र का शुभारंभ शनिवार को हुआ। इस सत्र के मुख्य अतिथि रहे आगरा के महापौर नवीन जैन। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आप मुझे सहयोग दो मैं आपको गंदगी से मुक्त आगरा दूंगा।
महापौर नवीन जैन ने बताया कि पूर्व मंत्री नटवर सिंह ने आगरा के बारे में कहा था कि दुनिया का सबसे गंदा शहर अगर है तो आगरा है। वह धारणा अब बदल रही है। आगरा सफाई के मामले में आगे बढ़ रहा है। सभी का सहयोग रहा तो आगरा एक दिन पहले पायदान पर होगा। सफाई स्वच्छता अभियान में शहरवासियों का सहयोग बहुत जरूरी है।
महापौर नवीन जैन ने कार्यक्रम में आगरा को डलावघर मुक्त करने का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने कहा कि सफाई के मामले में बच्चों में जागरूकता आई है। महापौर ने कहा सफाई का मुद्दा दिल और दिमाग का विषय है सफाई सब चाहते हैं इसके लिए जरूरी है सब अपनी जिम्मेदारी निभाएं।